ग्लोबल डीडवाना न्यूज़ | रिपोर्ट – सुखदेव ढाका
कुचामन सिटी, 26 नवम्बर।
नगर परिषद कुचामन के सभागार में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक सांसद हनुमान बेनीवाल की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में जिला कलक्टर डॉ. महेंद्र खड़गावत, पुलिस अधीक्षक श्रीमती ऋचा तोमर, जिला प्रमुख भागीरथ चौधरी, मकराना विधायक जाकिर हुसैन गैसावत सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक का संचालन जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अरविंद जाखड़ ने किया। उन्होंने विभागवार एजेंडा, पिछली बैठक की अनुपालना तथा विभिन्न योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की।
सांसद बेनीवाल ने संविधान दिवस पर संविधान की उद्देशिका का वाचन कर बैठक की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने लगातार 13 घंटे तक जिले के सभी विभागों के कार्यों और योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। जिले में पहली बार किसी सांसद द्वारा इतनी लंबी समीक्षा बैठक ली गई।
बैठक में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, पेयजल व जल जीवन मिशन, स्वच्छ भारत मिशन, बिजली, सड़क, कृषि, उद्योग, सहकारिता, सामाजिक न्याय अधिकारिता, वन विभाग, खाद्य एवं आपूर्ति, श्रम विभाग, परिवहन, राजीविका, कौशल विकास, रेलवे, सिंचाई व पीएम आवास योजना सहित सभी प्रमुख विभागों की प्रगति पर चर्चा की गई।
सांसद ने अधिकारियों को ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं सुधारने, अस्पतालों में साफ-सफाई, चिकित्सकों की नियुक्ति, गांवों में पानी की लाइनों का कार्य तेजी से पूरा करने, कार्य के दौरान टूटी सड़कों को तुरंत सही करने, वन क्षेत्र के अतिक्रमण हटाने, घर-घर कचरा संग्रहण नियमित कराने और श्रमिक कार्ड आवेदनों का निस्तारण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने फसल बीमा योजना, सहकारी समितियों के विस्तार, युवाओं के लिए कौशल विकास कार्यक्रम, नए उद्योग लगाने के प्रस्ताव और जिले में आधारभूत संरचना मजबूत करने पर भी जोर दिया। सांसद ने सभी विभागों को योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट समय पर भेजने और जनसमस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिला कलक्टर डॉ. खड़गावत ने विभागों को बैठक में लिए गए निर्णयों की समयबद्ध पालना करने के निर्देश दिए।



