साइबर सुरक्षा के लिए RBI का बड़ा फैसला: सभी बैंक बदलेंगे अपनी वेबसाइट का डोमेन
नई दिल्ली।
भारतीय रिज़र्व बैंक (RBI) ने ऑनलाइन बैंकिंग सुरक्षा को मज़बूत करने के लिए बड़ा कदम उठाया है। आरबीआई ने सभी बैंकों को निर्देश दिया है कि वे अपनी नेट-बैंकिंग वेबसाइटों के डोमेन को बदलकर “.bank.in” डोमेन पर शिफ्ट करें। इस बदलाव की अंतिम तारीख 31 अक्टूबर 2025 निर्धारित की गई है।
आरबीआई का मानना है कि नया यूनिफ़ॉर्म डोमेन लागू होने से फर्जी बैंकिंग वेबसाइटों की पहचान करना आसान होगा और साइबर सुरक्षा में बड़ी कमी आएगी। हाल के वर्षों में फिशिंग साइटों और नकली बैंकिंग पोर्टलों के जरिए धोखाधड़ी के मामलों में तेज़ बढ़ोतरी हुई है, जिसे रोकने के लिए यह कदम उठाया गया है।
विशेषज्ञों के अनुसार “.bank.in” डोमेन से जुड़े बैंकिंग पोर्टल अधिक सुरक्षित रहेंगे, क्योंकि यह डोमेन केवल लाइसेंसधारी और सत्यापित बैंकों को ही आवंटित किया जाएगा। इसके लागू होने के बाद यदि किसी बैंक की वेबसाइट इस डोमेन पर नहीं है, तो ग्राहकों को सावधानी बरतने और लॉगिन न करने की सलाह दी गई है।
आरबीआई ने सभी बैंकों से समयसीमा के भीतर नए डोमेन पर माइग्रेशन पूरा करने और ग्राहकों को इस बदलाव के बारे में समय रहते जागरूक करने के लिए कहा है। ग्राहकों से अपील की गई है कि वे नेट-बैंकिंग इस्तेमाल करते समय केवल बैंक द्वारा घोषित आधिकारिक वेबसाइट का ही उपयोग करें।



