सऊदी अरब में दर्दनाक दुर्घटना: मक्का से मदीना जा रही बस डीजल टैंकर से टकराई, 42-45 भारतीयों की मौत की आशंका
42 भारतीय उमरा तीर्थयात्री जिंदा जल गए

हैदराबाद/रियाद।
सऊदी अरब में मक्का से मदीना जा रहे भारतीय उमरा यात्रियों की बस सोमवार देर रात एक डीज़ल टैंकर से टकरा गई, जिसके बाद बस में भीषण आग लग गई। हादसा इतना भयानक था कि बस कुछ ही मिनटों में आग की लपटों में घिर गई और अंदर बैठे यात्रियों को बाहर निकलने का मौका भी नहीं मिला। इस दर्दनाक दुर्घटना में 42 भारतीय जिंदा जलकर मौत के शिकार हो गए। मृतकों में 20 महिलाएं और 11 बच्चे शामिल बताए जा रहे हैं।
कब और कहाँ हुआ हादसा
दुर्घटना मक्का–मदीना हाईवे पर देर रात करीब 11 बजे हुई। उमरा यात्रा पूरी करके लौट रहे भारतीय तीर्थयात्री बस में सवार थे और बड़ी संख्या में यात्री उस समय सो रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे डीज़ल टैंकर ने बस को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तीव्र थी कि टैंकर का डीज़ल सड़क पर फैल गया और बस तुरंत आग की चपेट में आ गई। आग फैलने की गति इतनी तेज थी कि अधिकांश यात्री बाहर नहीं निकल सके और बस के अंदर ही फंस गए। जब तक बचाव दल मौके पर पहुँचा, बस लगभग पूरी तरह जल चुकी थी।
हादसे में मारे गए अधिकांश यात्री तेलंगाना के हैदराबाद क्षेत्र से थे। यात्री उमरा यात्रा के लिए कुछ दिनों पहले सऊदी अरब पहुंचे थे और मक्का से मदीना की ओर लौट रहे थे। घटना के बाद बचे हुए कुछ यात्रियों को गंभीर रूप से झुलसी हालत में अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
भारतीय सरकार और दूतावास की प्रतिक्रिया
घटना की जानकारी मिलते ही रियाद स्थित भारतीय दूतावास और जेद्दा कांसुलेट सक्रिय हो गए। पहचान प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और दूतावास लगातार स्थानीय प्रशासन के संपर्क में है।
तेलंगाना सरकार ने कहा है कि वह पीड़ित परिवारों के संपर्क में है और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
भारत सरकार ने भी हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है और पीड़ित परिवारों के लिए सहायता की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
सऊदी प्रशासन दुर्घटना के कारणों की जांच कर रहा है। कई शव गंभीर रूप से जल जाने के कारण उनकी पहचान करने में समय लग रहा है। मृतकों के अंतिम संस्कार और भारत लाने को लेकर परिवारों की सहमति और सरकारी प्रक्रिया के तहत निर्णय लिया जाएगा।




