ग्रामीण सेवा शिविर के फॉलोअप शिविर में दिखी प्रशासन की सक्रियता
एक ही छत के नीचे हुआ समस्याओं का त्वरित समाधान
भैरुन्दा
ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के उद्देश्य से कार्यालय पंचायत समिति भैरुन्दा में ग्रामीण सेवा शिविर के फॉलोअप शिविर का भव्य आयोजन किया गया। यह शिविर प्रातः 10 बजे से सायं 6 बजे तक चला, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर अपनी समस्याएं प्रस्तुत कीं और मौके पर ही समाधान पाकर संतोष व्यक्त किया। शिविर प्रभारी सहायक विकास अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि यह फॉलोअप शिविर पूर्व में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविरों में प्राप्त आवेदनों एवं लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण हेतु आयोजित किया गया। शिविर की सबसे बड़ी विशेषता यह रही कि राजस्थान सरकार के लगभग सभी विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी एक ही मंच पर उपस्थित रहे। शिविर में तहसीलदार रियांबड़ी, नायब तहसीलदार भैरुन्दा, पंचायत समिति के अधिकारी-कर्मचारी सहित राजस्व, विकास, सामाजिक न्याय, चिकित्सा, शिक्षा, कृषि, विद्युत, जलदाय एवं पंचायतीराज विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। सभी विभागों के अधिकारी अपनी-अपनी जिम्मेदारियों के प्रति सजग नजर आए और समस्याधारियों की शिकायतों का हाथों-हाथ निस्तारण किया गया। राजस्व संबंधी प्रकरण, सामाजिक योजनाओं के लाभ, पेंशन, नामांतरण, राशन, बिजली-पानी सहित अन्य विभागीय शिकायतों के समाधान के लिए ग्रामीणों को बार-बार चक्कर नहीं लगाने पड़े। अधिकारी स्वयं आगे बढ़कर आवेदनों की जांच करते और त्वरित कार्रवाई करते दिखाई दिए, जिससे शिविर में आए लोगों के चेहरों पर संतोष साफ झलका। ग्रामीणों ने प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविर आमजन के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध हो रहे हैं।
फॉलोअप शिविर ने यह स्पष्ट संदेश दिया कि प्रशासन केवल आदेशों तक सीमित नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर उतरकर जनता की समस्याओं के समाधान के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है।


