
ललासरी (डीडवाना)। ललासरी गाँव में मानवता, संवेदना और सामाजिक एकजुटता का ऐसा दृश्य देखने को मिला, जिसने हर संवेदनशील मन को छू लिया। सरकारी विद्यालय में वर्षों से निष्ठा और ईमानदारी से स्वच्छता कार्य करने वाले बंसीलाल वाल्मीकि की बेटियों के विवाह को गाँव ने केवल एक पारिवारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि अपना सामूहिक दायित्व मानते हुए 13 दिसंबर 2025 को भव्य और गरिमामय रूप दिया।
विद्यालय स्टाफ से लेकर ग्रामवासियों तक, सभी ने मिलकर इस आयोजन को आत्मीयता और सम्मान के साथ संपन्न कराया। विवाह समारोह के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री हिमांशु जी की उपस्थिति ने कार्यक्रम को विशेष गरिमा प्रदान की, वहीं डीडवाना जिला विधायक प्रत्याशी श्री जितेंद्र सिंह जोधा जी ने पधारकर बेटियों को आशीर्वाद दिया और इस पहल को सामाजिक समरसता, समानता और भाईचारे की सशक्त मिसाल बताया।
ललासरी का यह आयोजन बताता है कि जब समाज एक परिवार बनकर खड़ा होता है, तब किसी की मजबूरी बोझ नहीं रहती। यह पहल न केवल बेटियों के नए जीवन की शुभ शुरुआत है, बल्कि पूरे समाज के लिए इंसानियत, सहयोग और एकता का प्रेरक संदेश भी है।




