मुख्यमंत्री बजट घोषणा के अंतर्गत अंतर-राज्यीय महिला कृषक भ्रमण दल रवाना
जिला कलक्टर डॉ. खड़गावत ने हरी झंडी दिखाकर किया प्रस्थान, महिला कृषकों को आधुनिक कृषि तकनीकों का मिलेगा ज्ञान
डीडवाना। मुख्यमंत्री बजट घोषणा के तहत कृषि विभाग द्वारा जिले की 40 महिला कृषकों का अंतर-राज्यीय अध्ययन भ्रमण दल मंगलवार को गुजरात के लिए रवाना किया गया। जिला कलक्टर डॉ. महेंद्र खड़गावत ने कलेक्ट्रेट परिसर से हरी झंडी दिखाकर दल को प्रस्थान कराया।
कृषि विभाग के संयुक्त निदेशक हरिओम सिंह राणा ने बताया कि भ्रमण का उद्देश्य महिला कृषकों को आधुनिक कृषि तकनीक, डेयरी प्रबंधन, अनुसंधान आधारित कृषि प्रणालियों एवं सफल कृषि मॉडलों से परिचित कराना है, ताकि वे अपने क्षेत्रों में उन्नत खेती अपनाकर उत्पादन एवं आय बढ़ा सकें।
उन्होंने बताया कि भ्रमण दल गुजरात के दंतीवाड़ा कृषि विश्वविद्यालय में सूखा क्षेत्रों की फसल प्रणाली, बीज उत्पादन, उन्नत तकनीक एवं अनुसंधान मॉडल का अध्ययन करेगा। इसके साथ ही AMUL–आनंद डेयरी में डेयरी प्रबंधन, मूल्य संवर्धन, दूध प्रसंस्करण एवं सहकारी मॉडल की जानकारी ली जाएगी। आनंद कृषि विश्वविद्यालय में जैविक, प्राकृतिक एवं आधुनिक कृषि तकनीकों पर प्रशिक्षण तथा कृषि विज्ञान केंद्र खापट में नवीन कृषि उपकरण, फसल प्रबंधन, उद्यानिकी एवं महिला कृषक उन्मुख तकनीकों का अवलोकन किया जाएगा। दल जूनागढ़ कृषि विश्वविद्यालय में बीज अनुसंधान, कीट प्रबंधन, पशुपालन एवं बहु-फसली प्रणाली का भी अध्ययन करेगा।
संयुक्त निदेशक ने कहा कि इस भ्रमण से महिला कृषकों को व्यावहारिक अनुभव प्राप्त होगा, जिससे वे अपने खेतों में नई तकनीकों को लागू कर सकेंगी। यह अध्ययन दौरा महिला कृषकों के कौशल सशक्तिकरण और क्षेत्रीय कृषि विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर मोहनलाल खटनावलिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हिमांशु शर्मा सहित कृषि विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।



