डीडवाना के कार्तिक का राष्ट्रीय रग्बी प्रतियोगिता के लिए चयन, पूजा इंटरनेशनल एकेडमी में सम्मान समारोह
सुखदेव ढाका ग्लोबल रिपोर्ट

डीडवाना।
डीडवाना शहर के लिए गौरव का विषय है कि पूजा इंटरनेशनल एकेडमी के छात्र कार्तिक पुत्र श्रवण कुमार जाखल का चयन 19 वर्षीय 69वीं राष्ट्रीय विद्यालयी खेलकूद रग्बी प्रतियोगिता के लिए राजस्थान राज्य टीम में हुआ है। इस उपलब्धि पर विद्यालय परिसर में सम्मान समारोह आयोजित कर कार्तिक का अभिनंदन किया गया।
विद्यालय के अध्यक्ष डॉ. बजरंग सिंह राठौड़ ने कार्तिक को साफा/दुपट्टा पहनाकर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि कार्तिक ने अपनी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास से यह मुकाम हासिल किया है, जो अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है।
विद्यालय के निदेशक डॉ. रणजीत सिंह राठौड़ ने जानकारी देते हुए बताया कि राष्ट्रीय रग्बी प्रतियोगिता का आयोजन 30 जनवरी से 3 फरवरी तक त्यागराज स्टेडियम, नई दिल्ली में किया जाएगा। प्रतियोगिता से पूर्व चयनित खिलाड़ियों का पूर्व प्रशिक्षण शिविर 23 से 27 जनवरी तक राजमंडी, दुल्लासर (डूंगरगढ़), बीकानेर में आयोजित होगा। इसके पश्चात 28 जनवरी को कार्तिक सहित समस्त चयनित खिलाड़ी दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
समारोह के दौरान विद्यालय स्टाफ एवं विद्यार्थियों ने कार्तिक को बधाई देते हुए राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं। कार्तिक की इस सफलता से न केवल विद्यालय बल्कि पूरे डीडवाना क्षेत्र में हर्ष का माहौल है।


