राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन के तहत प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित
ग्राम पंचायत ललासरी में NMNF प्रशिक्षण, 125 किसानों ने ली जैविक खेती की शपथ

दयालपुरा।
ग्राम पंचायत ललासरी में राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन (NMNF) के अंतर्गत एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को प्राकृतिक एवं जैविक खेती के प्रति जागरूक करना रहा।
प्राकृतिक खेती की क्रियाओं व इनपुट्स की दी जानकारी
प्रशिक्षण कार्यक्रम में रमेश बेनीवाल (कृषि अधिकारी, डीडवाना-कुचामन) ने प्राकृतिक खेती के अंतर्गत अपनाई जाने वाली विभिन्न क्रियाओं, देसी इनपुट्स एवं उनके लाभों के बारे में किसानों को विस्तृत जानकारी दी।
125 किसानों को दिलाई गई प्राकृतिक खेती की शपथ
कार्यक्रम के दौरान सरपंच प्रतिनिधि एवं जन सेवक भगवान पावड़िया ने क्लस्टर में चयनित 125 किसानों को यह शपथ दिलाई कि वे
स्वयं के उपयोग के लिए अपनी एक-एकड़ भूमि में किसी भी प्रकार के रासायनिक पदार्थ का उपयोग नहीं करेंगे,
तथा अपने परिवार के उपभोग हेतु पूर्णतः जैविक विधि से खेती करेंगे।
कृषि विभागीय योजनाओं की दी जानकारी
इस अवसर पर सहायक कृषि अधिकारी दयालपुरा राजेंद्र जुन्जाडिया,
कृषि पर्यवेक्षक ललासरी महेंद्र कुमार एवं
कृषि पर्यवेक्षक चौलुखा श्रीमती विद्या यादव ने कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी और किसानों को प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया।
प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने का आह्वान
कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों ने कहा कि प्राकृतिक खेती से न केवल किसानों की लागत कम होगी बल्कि मिट्टी की उर्वरता बढ़ेगी और स्वास्थ्य भी सुरक्षित रहेगा।



