शिक्षा क्षेत्र में गौरव
दाऊदसर के जीवन खान ने असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती में हासिल की 30वीं रैंक
दयालपुरा–दाऊदसर।
ग्राम पंचायत दाऊदसर के होनहार पुत्र जीवन खान पुत्र हुसैन खान ने असिस्टेंट प्रोफेसर (भूगोल) भर्ती परीक्षा में 30वीं रैंक प्राप्त कर समाज, गांव और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस उल्लेखनीय सफलता से दाऊदसर सहित आसपास के गांवों में खुशी की लहर दौड़ गई।उल्लेखनीय है कि जीवन खान का शिक्षा विभाग में उत्कृष्ट चयन का सशक्त इतिहास रहा है। इससे पूर्व उनका चयन वरिष्ठ अध्यापक (2016), वरिष्ठ अध्यापक (2018) तथा स्कूल लेक्चरर (2016) के पदों पर हो चुका है। वर्तमान में वे आसींद (भीलवाड़ा) में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।असिस्टेंट प्रोफेसर पद पर चयन होने के उपलक्ष्य में ग्राम पंचायत दाऊदसर की ओर से भव्य स्वागत समारोह आयोजित किया गया। समारोह में जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, ग्रामीणों एवं परिजनों ने भाग लेकर जीवन खान को बधाइयां दीं। वक्ताओं ने उनकी सफलता को कठोर परिश्रम, अनुशासन और निरंतर प्रयास का परिणाम बताते हुए उन्हें युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताया।इस अवसर पर ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों ने कहा कि जीवन खान की उपलब्धि से गांव के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए नई दिशा और प्रेरणा मिलेगी। ग्रामीणों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए निरंतर प्रगति की शुभेच्छाएं प्रेषित कीं।




