
दिनांक 2 मई को शाम लगभग 5:30 बजे जिला मुख्यालय की पीर पहाड़ी क्षेत्र के आसपास अचानक तेज तूफानी आंधी के साथ बारिश हुई। इस दौरान कलेक्टर कार्यालय के पश्चिमी छोर स्थित गेट के पास एक बड़ा हादसा हो गया।
स्थानीय किसान एवं ढाबा संचालक रामस्वरूप पुत्र रामचंद्र माली की ढाबा दुकान पर पास में खड़ा देशी बबूल का पेड़ तेज आंधी के कारण गिर पड़ा। पेड़ गिरने से ढाबा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे में दुकान का टिन शेड टूटकर बिखर गया तथा छप्पर और ढाणी पूरी तरह नष्ट हो गई। दुकान में रखी सामग्री जैसे चाय-कॉफी के सामान, पानी की बोतलें, कुर्सियां, एंगल, बांस आदि भी टूट-फूट कर खराब हो गए।
गंभीर बात यह है कि पेड़ की शाखाएं अभी भी ऊपर से बिजली के तारों में अटकी हुई हैं, जिससे बड़ा हादसा होने का खतरा बना हुआ है। इस संबंध में बिजली विभाग को कई बार सूचना दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
गत रात्रि में आए एक और तूफान के कारण पेड़ और अधिक झुककर तारों पर दबाव डाल रहा है, जिससे अब तार टूटने जैसी स्थिति बन गई है और आसपास के क्षेत्र में खतरा बढ़ गया है।
इस प्राकृतिक आपदा के कारण ढाबा संचालक को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। पीड़ित किसान ने प्रशासन से प्राकृतिक आपदा प्रबंधन के तहत उचित मुआवजा एवं राहत प्रदान करने के साथ-साथ बिजली विभाग से तत्काल कार्रवाई कर संभावित हादसे को रोकने की मांग की है।
