डीडवाना जिला कारागृह का औचक निरीक्षण, कैदियों की व्यवस्थाओं का लिया जायजा
डीडवाना।
राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, डीडवाना के तत्वावधान में जिला कारागृह डीडवाना का औचक निरीक्षण किया गया। यह निरीक्षण जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष नाहर सिंह मीणा एवं सचिव महावीर सिंह चारण के दिशा-निर्देशानुसार संपन्न हुआ।निरीक्षण के दौरान चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल की टीम ने जेल परिसर की व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन किया। टीम द्वारा कैदियों को उपलब्ध कराए जा रहे भोजन, पेयजल, स्वच्छता एवं चिकित्सा सुविधाओं की जांच की गई। साथ ही जेल प्रशासन को मानवाधिकारों के संरक्षण एवं नियमों की पूर्ण पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।निरीक्षण दल ने विचाराधीन कैदियों से संवाद कर उनके प्रकरणों की प्रगति की जानकारी ली। टीम ने स्पष्ट किया कि जो कैदी आर्थिक रूप से कमजोर हैं और निजी अधिवक्ता नियुक्त नहीं कर सकते, उन्हें विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।इस अवसर पर निरीक्षण टीम में चीफ डिफेंस काउंसिल विकास ठोलिया, डिप्टी डिफेंस काउंसिल रोहिणी वैश्य एवं हरफुल राव, सहायक डिफेंस काउंसिल आरती सिखवाल एवं फिरोज खान सहित विधिक सेवा प्राधिकरण के अन्य सदस्य तथा जेल स्टाफ मौजूद रहा।

