
खिंयाला/संवाददाता
ग्राम खिंयाला में रविवार को “एक शाम दादोजी और दधिमती माता के नाम” शानदार धार्मिक व सामाजिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। रविवार रात्रि को हुए जागरण में भक्तिरस वातावरण छाया रहा, जहां भजन मंडलियों ने रातभर माता की महिमा का गुणगान किया।
सोमवार को दिनभर लगा भव्य मेला ग्रामीणों और श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना रहा। धार्मिक झांकियों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, प्रसादी वितरण और सामाजिक गतिविधियों ने मेले को विशेष बनाया।
कार्यक्रम के दौरान दोपहर में सहयोगात्मक लक्की ड्रॉ का आयोजन किया गया, जिसमें ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और विजेताओं को सम्मानित किया गया।
इसी क्रम में गांव में नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। वक्ताओं ने युवाओं एवं ग्रामीणों को नशे से होने वाले दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया और समाज को नशामुक्त बनाने का संदेश दिया। उपस्थित लोगों ने नशामुक्त परिवेश बनाने के संकल्प भी लिए।
गांव खिंयाला में पूरा दिन भक्ति, संस्कृति और सामाजिक जागरूकता का अद्भुत संगम देखने को मिला।


