
चितौड़गढ़ के कृष्णधाम श्रीसांवलिया सेठ जी मंदिर में इस बार दानदाताओं की आस्था ने नया इतिहास रच दिया है। दीपावली के बाद खोले गए भंडार में मिली दान राशि ने सभी पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं।
केवल चार राउंड की गिनती में ही 36 करोड़ 13 लाख 60 हजार रुपए सामने आए हैं, जबकि दान की गिनती अभी भी जारी है। 19 नवंबर से शुरू हुई गिनती 26 नवंबर को भी पूरे दिन चलेगी।
मंदिर कमेटी के अनुसार—
🔸 अभी सिर्फ नकद दान की गिनती हुई है
🔸 चेक, मनीऑर्डर और ऑनलाइन दान की राशि शामिल ही नहीं की गई है
🔸 ऐसे में कुल राशि के 40 करोड़ रुपए से भी ऊपर पहुंचने की पूरी उम्मीद है
पिछले वर्ष 2024 में दीपावली के बाद खोले गए 2 महीने के भंडार से 34 करोड़ 91 लाख 95 हजार 8 रुपए प्राप्त हुए थे, जिसे अब तक मंदिर की सबसे बड़ी दानराशि माना जाता रहा है।
लेकिन इस बार श्रद्धालुओं की बढ़ती आस्था ने इस रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया है।



